जिले के 87 श्रद्धालु श्री रामलला दर्शन के लिए अयोध्या धाम हुए रवाना
87 devotees of the district left for Ayodhya Dham for Shri Ramlala darshan.
जगदलपुर। राज्य शासन की श्री रामलला दर्शन योजनान्तर्गत जिले के 87 श्रद्धालु श्रावण मास के पहले सोमवार को श्री रामलला दर्शन के लिए जय श्रीराम उद्घोष के साथ अयोध्या धाम रवाना हुए। इस मौके पर कलेक्टर विजय दयाराम के. और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय टाऊन हॉल परिसर में हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के बस को रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को पुष्प भेंटकर उन्हें श्री रामलला दर्शन हेतु बधाई दी गई।
इस मौके पर कलेक्टर विजय दयाराम के.ने सभी श्रद्धालुओं को सकुशल यात्रा की बधाई देते हुए कोई भी दिक्कत होने पर अपने सहयोगी एवं कर्मचारियों से तुरंत सम्पर्क करने का आग्रह किया। इस दौरान अवगत कराया गया कि इस योजनान्तर्गत 87 श्रद्धालुओं को लाभान्वित किया जा रहा है। इन सभी का स्वास्थ्य रिकार्ड पहले ही लिया गया है और यात्रा के पूर्व भी स्वास्थ्य जांच किया गया है। इन श्रद्धालुओं के साथ उनके सहयोगी भी जा रहे हैं साथ ही प्रशासन द्वारा समुचित देखभाल के लिए कर्मचारियों की नामजद ड्यूटी लगाई गई है। जिले के इन श्रद्धालुओं का जत्था बस्तर एवं दुर्ग संभाग के श्रद्धालुओं के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के जरिए सीधे अयोध्या धाम प्रस्थान करेगा। टाऊन हॉल में श्रद्धालुओं को रवाना करने के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे तथा अन्य अधिकारी और श्रद्धालुओं के परिजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।






