मामूली विवाद में युवक को पीटा: यूसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार

Youth beaten up over minor dispute: Yusuf Pathan's father-in-law and brother-in-law arrested

मामूली विवाद में युवक को पीटा: यूसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई के भायखला इलाके में सड़क पर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान के ससुर खालिद पठान, साले शोएब पठान और अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

पानी उछलने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे माझगांव स्थित हीराबाई कंपाउंड के पास हुई। 30 वर्षीय यूसुफ आसिफ खान कार से गुजर रहे थे, तभी उनके वाहन के टायर से सड़क पर जमा पानी उछलकर शोएब पठान पर पड़ गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और गाली-गलौज के बाद आरोप है कि शोएब ने बांस के डंडे से कार का शीशा तोड़ दिया।

शिकायत करने जा रहे युवक पर हमला
बताया जा रहा है कि पीड़ित जब अपने परिवार के साथ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने जा रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसे रोक लिया। शोएब पठान, खालिद पठान, शहबाज पठान और अन्य लोगों ने मिलकर बांस के डंडों और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं।

CCTV के आधार पर सख्त कार्रवाई
CCTV फुटेज सामने आने के बाद भायखला पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शोएब पठान और खालिद पठान सहित अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 118(2), 115(2), 324, 352, 351(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।