अमेरिकी सेना को नया रूप देंगे ट्रंप, चार कार्यकारी आदेशों पर किए हस्ताक्षर
Trump will give a new look to the US military, signs four executive orders
वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सेना को नया रूप देने पर केंद्रित कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए। सोमवार को देर रात हस्ताक्षरित एक आदेश सेना में विविधता, समानता और समावेश (डीईआई) पहलों पर प्रतिबंध लगाता है।
एक अन्य आदेश में 8,000 से अधिक सेवा सदस्यों को बहाल किया गया, जिन्हें कोविड-19 वैक्सीन लेने से इनकार करने के कारण बर्खास्त कर दिया गया था।
व्हाइट हाउस ने कहा कि तीसरे कार्यकारी आदेश में अधिकारियों को ट्रांसजेंडर सैनिकों पर नीति बनाने का काम सौंपा गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस आदेश में ट्रांसजेंडर सर्विस मेंबर पर तुरंत प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
चौथे आदेश में एक 'अमेरिकी आयरन डोम' विकसित करने की प्रक्रिया को अनिवार्य बनाया गया है। यह मध्य पूर्व में इजरायली डोम जैसा होगा। यह आदेश तब जारी हुए जब पेंटागन का नेतृत्व करने के लिए ट्रंप के नामित व्यक्ति, पीट हेगसेथ ने शनिवार को रक्षा मंत्री के रूप में शपथ ली।
हेगसेथ लंबे समय से कहते रहे हैं कि उन्होंने सेना में बड़े सांस्कृतिक परिवर्तन लागू करने की योजना बनाई है। उन्होंने सोमवार को पेंटागन पहुंचने के कुछ ही क्षण बाद, कहा, और कार्यकारी आदेश आने वाले हैं।






