कलेक्टर ने अंबागढ़ चौकी में विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण
The collector inspected various institutions in Ambagarh Chowki
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति गत दिवस विकासखण्ड चौकी के दौरे पर रही। इस दौरान कलेक्टर ने अंबागढ़ चौकी में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन कार्य, स्ट्रांग रूम, नाम निर्देशन कक्ष, जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी, सीजीएमएससी द्वारा निर्माणाधीन भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी, आंगनबाड़ी केंद्र ढाढुटोला, लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय, नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी अंतर्गत संचालित विभिन्न क्रियाकलापों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने शासकीय कन्या परिसर मेरे गांव पहुंचकर यहां स्ट्रांग रूम परिसर में साफ सफाई कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। निर्वाचन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्था जैसे बिजली, टेबल, फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। यहां रखे गए अनुपयोगी सामानों को व्यवस्थित करने और स्क्रैप किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट हेतु चयनित प्रशासकीय भवन का निरीक्षण किया। भवन की साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने हेतु तहसीलदार, सीएमओ विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीजीएमएससी द्वारा निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र ढाढुटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां कार्य के प्रगति की जानकारी ली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांधा बाजार, उप स्वास्थ्य केंद्र से आंगनबाड़ी तक पहुंच मार्ग निर्माण किए जाने की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अंबागढ़ चौकी में निर्माणाधीन हमर क्लीनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर अंबागढ़ चौकी में निर्माणाधीन बीपीएचयू भवन को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सभी निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा गया। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उन्हें एक्स रे कक्ष, जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर उपस्थित चिकित्सकों को सजगता के साथ कार्य करने और नागरिक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने कहा। कलेक्टर ने प्रथम तल में पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाए जाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।






