आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और गुणवत्ता पर विशेष फोकस
Special focus on nutrition and quality in Anganwadi centres
कलेक्टर के आकस्मिक निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति, भोजन एवं टेक होम राशन व्यवस्था की हुई समीक्षा
रायपुर, 05 जून 2026
प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और शिशुवती माताओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के ग्राम दलधोवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने पोषण सेवाओं, बच्चों की उपस्थिति और टेक होम राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरक पोषण आहार, भोजन की गुणवत्ता तथा रसोई एवं खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था का जायजा लेते हुए बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था में उचित पोषण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत आधारशिला है।
कलेक्टर ने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को वितरित किए जा रहे टेक होम राशन की भी जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण पोषण सामग्री समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहीं।






