अहिंसा से अधिकार तक थीम पर विद्यालयीन बच्चों ने दिखाया हुनर

School children displayed their skills on the theme from non-violence to rights.

अहिंसा से अधिकार तक थीम पर विद्यालयीन बच्चों ने दिखाया हुनर

’’वीबी जीरामजी की आईइसी गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में हुए आयोजन’’

कोरिया 24 फरवरी 2026

विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन यानी वीबी जीरामजी से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए तरह तरह की सूचना शिक्षा संचार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यालयों में भी आईइसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आने वाले समय में पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाले प्रत्येक हितलाभ के संबध में व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 

’सूचना शिक्षा और संचार है उद्देश्य’
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन यानी वीबी जीरामजी के प्रति प्रत्येक व्यक्ति तक सूचना शिक्षा और संचार ले जाने के उद्देश्य को लेकर लगातार छ सप्ताह तक आईइसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। गत 26 जनवरी से आरंभ कर हर सप्ताह पृथक गतिविधियों को आयोजित कर संवाद किया जा रहा है। लगातार छ सप्ताह यानी आगामी मार्च माह के पहले सप्ताह तक निरंतर आईइसी गतिविधियों का आयोजन कर जन-जन तक वीबी जीरामजी के तथ्यात्मक पहलुओं से प्रत्येक भ्रम दूर करते हुए श्रमिकों को मिलने वाले लाभ स्पष्ट तरीके से बताए जाएंगे। 

चित्रकला प्रतियोगिता और निबंध प्रतियोगिता आयोजित
आईइसी गतिविधियों के तारतम्य में वीबी जीरामजी योजना के तहत होने वाले विकास कार्याे, योजना की प्रमुखताओं से सभी को अवगत कराने के उददेश्य को लेकर विद्यालयों में बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। सोनहत जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अकलासरई के हाईस्कूल में बच्चों के बीच कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इनमें अहिंसा से अधिकार तक थीम पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाओं को रंग दिए। साथ ही महात्मा गांधी सहित अन्य महापुरूषों के योगदान को याद करते हुए निबंध लेखन का आयोजन किया गया तथा बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता का अयोजन कर उन्हे नमन किया गया।