प्रोजेक्ट सुरक्षा: शासकीय कर्मचारियों को मिला जीवन रक्षक प्रशिक्षण
Project Suraksha: Government employees got life saving training
CPR तथा प्राथमिक उपचार की दी गई तकनीकी जानकारी
रायपुर। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा जीवन रक्षक उपायों के प्रति जागरूकता और तत्परता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “प्रोजेक्ट सुरक्षा” के अंतर्गत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में में आज ‘प्रोजेक्ट सुरक्षा’ के अंतर्गत राजस्व विभाग सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार और CPR का जीवनरक्षक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के बीपीओ कॉल सेंटर परिसर में किया गया। प्रशिक्षण का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा रायपुर के मास्टर ट्रेनर बालमुकुंद दुबे ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग के आर.आई, सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षण हेतु CPR तकनीक की जानकारी दी गई। दुबे ने बताया कि हृदय गति रुकने की स्थिति में कैसे समय रहते CPR देकर किसी की जान बचाई जा सकती है। प्रशिक्षुओं ने तकनीक को न केवल ध्यानपूर्वक सीखा बल्कि उसका प्रायोगिक अभ्यास भी किया।
प्रशिक्षण के पश्चात सभी प्रतिभागियों को 'प्रोजेक्ट सुरक्षा फर्स्ट एड किट' प्रदान की गई तथा उपयोग की जानकारी दी गई। जिसमें पैरासिटामोल, गैस की गोली, नॉरफ्लॉक्स-TZ, कॉटन, बैंडेज, एडेसिव, बेटाडीन मलहम, ORS जैसे आवश्यक औषधीय सामग्री शामिल है।






