नियद नेल्लानार अभियान को मिली गतिः कलेक्टर ने गांवों में पहुंचकर बच्चों से किया संवाद, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

Niyada Nellanar campaign gains momentum: Collector interacts with children in villages, gives instructions to expedite development works

नियद नेल्लानार अभियान को मिली गतिः कलेक्टर ने गांवों में पहुंचकर बच्चों से किया संवाद, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

बीजापुर 06 मार्च 2026

जिले में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नियद नेल्लानार अभियान के तहत कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने ग्राम कावड़गांव, मुंदवेंडी, पीडिया स्कूल पारा तथा डोडी तुमनार का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर शिक्षा के महत्व को समझाया तथा अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत ग्राम कावड़गांव से हुई जहां कलेक्टर ने प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को जल्द पूर्ण करने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिए गए। साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठक कर बच्चों को स्कूल एवं आंगनबाड़ी भेजने के लिए जागरूक किया गया।
    इसके बाद ग्राम मुंदवेंडी के प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया गया जहां कलेक्टर ने बच्चों से चर्चा करते हुए उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन प्राथमिक शाला भवन को शीघ्र पूर्ण करने तथा सामुदायिक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिए।
    ग्राम पीडिया स्कूल पारा में आयोजित चर्चा के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता, जॉब कार्ड, वन अधिकार पत्र तथा वोटर कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बस सुविधा, नेटवर्क, स्कूल तथा हैंडपंप की मांग रखी। कलेक्टर ने स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, पंचायत भवन तथा उचित मूल्य दुकान के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात ग्राम डोडी तुमनार में ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता, जॉब कार्ड, वन अधिकार पत्र एवं वोटर कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने यहां हैंडपंप, उचित मूल्य दुकान तथा स्कूल की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम पीडियाए डोडी तुमनार और गमपुर में प्रत्येक सप्ताह शिविर आयोजित करने के निर्देश तहसीलदार गंगालूर को दिए ताकि शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक आसानी से पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार गंगालूर, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, पटवारी, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कलेक्टर के इस दौरे से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और उन्हें उम्मीद जगी कि क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।