इंदौर से प्रयागराज महाकुंभ के लिए सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग, फ्लाइट भी फुल... लोग बसों में करवा रहे बुकिंग
Long waiting in all trains for Indore to Prayagraj Maha Kumbh, flights are also full... people are booking in buses
इंदौर। महाकुंभ शुरू होते ही इंदौर से प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। कुछ विशेष दिनों में इन ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं है। सबसे बड़े धार्मिक आयोजन के लिए रतलाम मंडल द्वारा इंदौर से महज एक ही स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है।
यह ट्रेन में सप्ताह में दो ही दिन संचालित हो रही है। इंदौर से प्रयागराज के लिए चार ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें तीन नियमित तो एक स्पेशल ट्रेन है। सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। इन ट्रेनों में महू-प्रयागराज की एकलौती ट्रेन हैं, जो प्रतिदिन संचालित हो रही है।
इस ट्रेन में भी वेटिंग अलग-अलग दिनों में स्लीपर कोच में 70 से लेकर 100 के पार और थर्ड एसी में वेटिंग 50 के अधिक है। प्रति सोमवार इंदौर से प्रयागराज होकर काशी जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में वेटिंग 50 से 147 तक पहुंच गई है। थर्ड एसी में वेटिंग 50 के पार है। इसी तरह इंदौर से प्रति मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को प्रयागराज होकर हावड़ा के लिए चलने वाली शिप्रा एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
फ्लाइट फुल, लोग बसों में करवा रहे बुकिंग
प्रयागराज महाकुंभ को लेकर इंदौर और मालवा के लोगों में भारी उत्साह है। फ्लाइट फुल है, ट्रेन में लंबी वेटिंग पहुंच चुकी है इसलिए लोग बसों में बुकिंग करवा रहे हैं। वहीं सप्ताह में एक दिन इंदौर से प्रयागराज जाने वाली सीधी उड़ान में भी जनवरी और फरवरी में 70% सीटें बुक हो चुकी हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंदौर से अलायंस एयर ने सीधी विमान सेवा शुरू की है। प्रयागराज के लिए एकमात्र उड़ान होने और महज दो घंटे में पहुंचाने के कारण इसमें बड़ी संख्या में यात्री बुकिंग करवा रहे हैं।






