गरिमामय तरीका से मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस
Independence Day will be celebrated in a dignified manner
उच्च कार्यालयों के लंबित प्रकरणों को नियत समय में करें निराकरण : कलेक्टर
गरियाबंद। कलेक्टर बी.एस. उइके ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक के पहले अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की आवश्यक तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। बैठक में उन्होंने 15 अगस्त की सभी जरूरी तैयारियां समय बद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को गरिमामयी तरीके से भव्य रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को दिए गए दायित्वों का गंभीरता पूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थल की अच्छे से तैयारी बैठक व्यवस्था, साफ सफाई, साज सज्जा, पेयजल, सुरक्षा, परेड, स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य तैयारी भी अच्छे से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस की अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड गरियाबंद में की जायेगी। इसमें सभी जिला अधिकारियों को उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए गए। स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विभागों को 10 अगस्त तक नाम निर्देशन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय, सार्वजनिक भवनों पर रोशनी करने के निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत जी.आर. मरकाम, एडीएम अरविंद पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चन्द्राकर, अपर कलेक्टर नवीन भगत, सहित सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारीगण मौजूद रहे।
इसके उपरांत कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं में प्रगति लाने आवश्यक निर्देश दिये। साथ ही समय-सीमा में दर्ज, जनदर्शन, जनचौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल, पीएमओ कार्यालय, हाई कोर्ट, लोक संवाद, सीपी ग्राम सहित उच्च कार्यालयों के लंबित प्रकरणों को नियत समय के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री उइके ने बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यो की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन कार्यो को प्राथमिकता के साथ पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में रजत जयंती वर्ष 2025-26 का वृहद आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभाग 15 अगस्त से राज्य की उपलब्धियों, संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे। महाअभियान 15 अगस्त 2025 से 31 मार्च 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष की सभी तैयारियां जिले में तय समय के भीतर सुनिश्चित करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगरीय निकाय के सभी सीएमओ को निर्देशित किया है कि नगरीय निकायों के मुख्यालय में घुमंतु मवेशियों के कारण सड़कों पर होने वाली दुघटनाओं को रोकने के लिए आवारा पशुओं को रोकने का नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने आवारा मवेशियों के नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी लेकर निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करवाने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में खरीफ सीजन में जिले में चल रहे खेती-किसानी की भी जानकारी ली।






