झाबुआ में डीजे वालों ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर लगाया जाम, पुलिस के वाहनों पर किया पथराव

DJs in Jhabua blocked the Indore-Ahmedabad highway and pelted stones at police vehicles

झाबुआ में डीजे वालों ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर लगाया जाम, पुलिस के वाहनों पर किया पथराव

झाबुआ। झाबुआ से होकर गुजर रहा अहमदाबाद से इंदौर होते हुए बैतूल जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग करडावद के पास डीजे संचालकों ने जाम लगा दिया। उन्होंने डीजे बजाने की मांग सहित कई अन्य मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर कब्जा जमा लिया। इस दौरान जब पुलिस रास्ता खुलवाने के लिए पहुंची तो उनके वाहनों पर पथराव कर दिया।

पुलिस वाहनों को दूसरे रूट से निकाल रही

इस पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ना पड़े। घटना के बाद से नेशनल हाईवे बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस वाहनों को दूसरे रूट से निकाल रही है। डीजे संचालक साउंड सिस्टम का उपयोग करते हुए गाने बजाने की अनुमति की मांग कर रहे हैं।

शोरगुल मचाने वालों पर पुलिस है सख्त

वे चाहते हैं कि साउंड सिस्टम पर गाने बजाने पर उन पर कोई कार्रवाई ना हो। जबकि परीक्षाओं के चलते डीजे साउंड सिस्टम बजाने पर रोक लगी हुई है। इसी के साथ शोरगुल मचाने वालों को लेकर पुलिस सख्त रवैया अपना रही है।

इधर... मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

बामनिया में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नगर के बस स्टैंड चौराहे जैन मंदिर के समीप एक महिला दर्शन कर अपने घर लौट रही थी। इस दौरान अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

लोगों ने नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया है। मंगलवार सुबह बामनिया निवासी मन्नुबाई जैन रोज की तरह मंदिर दर्शन करने गई थीं। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की, इसके बाद अपने घर की ओर जा रही थी। तभी रतलाम की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें चपेट में लिया। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।