मुख्यमंत्री साय के जिले में प्रवास पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करें : कलेक्टर

Complete all preparations before Chief Minister Sai's visit to the district: Collector

मुख्यमंत्री साय के जिले में प्रवास पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करें : कलेक्टर

धमतरी। कलेक्टर नम्रता गांधी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जनदर्शन, जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त पत्रों की विभागवार समीक्षा की और आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्हांने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धमतरी जिले में प्रवास संभावित है। इसके मद्देनजर कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रवास पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय के कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित हितग्राहियों को लाने और ले जाने की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को कलेक्टर ने दी है।

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑक्शन के तहत वाहनों की नीलामी हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऐसे वेंडर जो वाहन क्रय करने के बाद राशि जमा नहीं है, उन वेंडरों को ब्लैक लिस्ट करने कहा। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में रखी निष्प्रयोजित सामग्री को जल्द से जल्द बेचने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन समितियों में खरीदी पूर्ण हो चुकी है, उन्हें बंद किया जाए तथा धान के उठाव में तेजी लाई जाए।  बैठक में कलेक्टर ने सुकन्या समृद्धि, आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत प्राप्त लक्ष्य के विरूद्ध अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली। साथ ही जाति प्रमाण पत्रों के प्रगति के बारे में पूछा। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत जिन महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है, उसकी जानकारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सूखे बोर के स्थान पर नए बोर स्वीकृत कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस सप्ताह पूर्ण हो हुए आवासों की यूजर चार्ज वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल संचयन के लिए रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य वॉटर स्ट्रक्चर की जानकारी कलेक्टर ने ली। कलेक्टर गांधी ने परीक्षा पूर्व बच्चों की तैयारी के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही स्कूलों में स्मार्ट क्लास की जानकारी लेते हुए आवश्यकतानुसार मरम्मत करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 15 जनवरी को ग्राम दुगली में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभिन्न विभागों की ओर से जनमन योजना के तहत बीते एक वर्ष में किए गए कार्यों की जानकारी दी जाएगी, इसक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश उन्होंने दिए। बैठक में अपर कलेक्टर जी.आर.मरकाम, रामकुमार कृपाल, आयुक्त नगरनिगम प्रिया गोयल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।