छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, 16 मई से लू का अलर्ट
Chhattisgarh to see heat wave conditions again; heatwave alert issued from May 16
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है।
पिछले 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5°C दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर सबसे ठंडा रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
रायपुर में बुधवार शाम तक अंधड़ और बारिश के आसार हैं। विभाग ने वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में नमी बनी हुई है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।






