जिले के सभी शासकीय अस्पतालों एवं चॉइस सेंटरों में बनाया जा रहा आयुष्मान वय वंदना कार्ड

Ayushman Vaya Vandana Card is being made in all the government hospitals and Choice Centers of the district

जिले के सभी शासकीय अस्पतालों एवं चॉइस सेंटरों में बनाया जा रहा आयुष्मान वय वंदना कार्ड

उत्तर बस्तर कांकेर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत कांकेर जिला में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन‘ का कार्य सभी शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों, अस्पतालों एवं समस्त चॉइस सेंटरों में किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश शांडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को रूपये 5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।

70 वर्ष से अधिक उम्र के हितग्राही जिनका पूर्व में आयुष्मान कार्ड बन चुका है, उन्हे भी दोबारा पंजीयन, ई-केवाईसी करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड में पंजीयन करवाने हेतु आधार कार्ड एवं मोबाइल नम्बर लेकर आना आवश्यक है।

कांकेर जिला को आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजनांतर्गत पंजीयन हेतु कुल लक्ष्य 29 हजार 623 प्राप्त हुआ है, जिनमें से अब तक कुल 475 हितग्राहियों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि अपना आयुष्मान वय वंदना कार्ड अपने नजदीकी शासकीय अस्पताल या चॉइस सेंटर में जाकर अतिशीघ्र पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।