दूसरी बार छग वन कर्मचारी संघ बीजापुर के अध्यक्ष बने विश्वनाथ मांझी
Vishwanath Manjhi became the president of Chhattisgarh Forest Employees Union Bijapur for the second time
बीजापुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ, जिला बीजापुर के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर विश्वनाथ मांझी को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुना गया है। यह दूसरा मौका है जब उन्हें कर्मचारियों के विश्वास और समर्थन के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
1 जून को हुए चुनाव में वन कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए विश्वनाथ मांझी को बिना किसी विरोध के अध्यक्ष पद के लिए चुना। चुनाव संघ के प्रधान कार्यालय रायपुर की अधिसूचना के तहत चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें बीजापुर जिला प्रथम चरण में प्रस्तावित रहा।
चुनाव प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी पारस पटेल और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वासुदेव डहरिया की निगरानी में पारदर्शिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
चुनाव के पश्चात अध्यक्ष चुने गए विश्वनाथ मांझी ने सभी वन कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा, "आप सभी के प्रेम, विश्वास और सहयोग से मुझे फिर से यह जिम्मेदारी मिली है। मैं अपने पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए संघ के हित में और अधिक मजबूती से काम करूंगा।"






