जनगणना 2027 के लिए प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ

Training of the first batch for Census 2027 begins

जनगणना 2027 के लिए प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ

प्रशिक्षण में 221 प्रशिक्षणार्थी शामिल: कलेक्टर ने किया संबोधित 

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 10 अप्रैल 2026 जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत  प्रथम बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इसी कड़ी में आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मरवाही में प्रथम बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में कुल 221 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करना है। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी या फील्ड संबंधी समस्या आती है, तो उसे मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने शुभकामनाएं दीं।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और संबंधित जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है। सटीक जनगणना विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार होता है। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया सिखाई जा रही है। इसके अंतर्गत डिजिटल माध्यमों का उपयोग, फॉर्म भरने की विधि तथा डेटा संकलन के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों को जनगणना में सहयोग के लिए जागरूक करने के तरीके भी बताए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्री पी आर पंडराम, एसडीएम मरवाही श्री देवेंद्र सिरमौर, तहसीलदार श्रीमती प्रीति शर्मा, जिला स्तरीय मास्टर टेनर्स श्री अंबुज मिश्रा तथा जिला नोडल अधिकारी श्री धरमराज मीणा उपस्थित थे।