शेयर बाजार खुलते ही फिसला, सेंसेक्स 111 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट
The stock market slipped as soon as it opened, Sensex fell by 111 points, Nifty also fell
नईदिल्ली। भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शुक्रवार को कमजोरी के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों प्रमुख सूचकांक शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुले।
इस गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण माने जा रहे हैं-अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया 25% टैरिफ और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली।
बाजार खुलते समय सेंसेक्स 111.17 अंक गिरकर 81,074.41 पर और निफ्टी 33.45 अंक फिसलकर 24,734.90 पर आ गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जारी किए गए नए कार्यकारी आदेश के तहत, भारत सहित लगभग 70 देशों के निर्यात पर 25 प्रतिशत तक का आयात शुल्क लगाया जाएगा।
इस फैसले से भारत के कई सेक्टर प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीद पर संभावित "पेनल्टी" को लेकर आदेश में कोई स्पष्टता नहीं दी गई है।
इसके अलावा, गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने ₹5,588.91 करोड़ की इक्विटी बिक्री की, जिससे घरेलू बाजार पर भारी दबाव बना।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के वी.के. विजयकुमार के अनुसार चूंकि नया टैरिफ 7 अगस्त से प्रभावी होगा, देशों के पास बातचीत के जरिए राहत पाने का मौका है। बाजार इस टैरिफ को फिलहाल अल्पकालिक मान रहा है।
प्रमुख कंपनियों के प्रदर्शन पर नजर
सन फार्मा के शेयरों में 5% से अधिक गिरावट, क्योंकि कंपनी का Q1 नेट प्रॉफिट 20% घटकर ₹2,279 करोड़ रहा। अन्य गिरावट वाले शेयरों में- महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो शामिल दिखे। इसके अलावा, मजबूती वाले शेयरों में- हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी शामिल रहे।
वैश्विक संकेत भी कमजोर
एशिया के प्रमुख शेयर बाजारों-कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई का SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग—में भी गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड की कीमत भी 0.97% गिरकर $72.53 प्रति बैरल पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र (गुरुवार) में सेंसेक्स 296.28 अंक की गिरावट के साथ 81,185.58 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 86.70 अंक टूटकर 24,768.35 पर बंद हुआ।






