कलेक्टर ने कलेक्टोरेट परिसर में किया ध्वजारोहण
The collector hoisted the flag in the collectorate premises
राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगान किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। गणतंत्र दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कलेक्टोरेट परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि हमारे देश का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। संविधान द्वारा हमें मौलिक अधिकार प्रदान किये गये है, साथ ही कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि यदि हम कर्तव्यों का पालन अच्छी तरह करेंगे, तो किसी भी तरह की समस्याएं नहीं होगी। हमारे संविधान निर्माता दूरदृष्टा थे और उन्होंने पर्यावरण एवं जल संरक्षण का भी प्रावधान किया है। हम सभी को अपने दायित्वों को निभाते हुए समाज के विकास में अपना योगदान देना है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य लेकर चलेंगे तथा योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेंगे, तो इसके अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, एसडीएम खेमलाल वर्मा, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, संयुक्त कलेक्टर हितेश्वरी बाघे सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कलेक्टोरेट के कर्मचारी उपस्थित थे।






