राज्य स्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता और लोक कला महोत्सव का शुभारंभ
State level Panthi dance competition and folk art festival inaugurated
बेमेतरा । नवागढ़ ब्लॉक के हाई स्कूल मैदान में आज से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता और गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु असमदास गुरुगोसाई ने बाबा गुरु घासीदास के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने स्वागत भाषण में बाबा घासीदास के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नगर पंचायत नवागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मंजू लता रात्रे, नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष धनलाल देशलहरा, जिला पंचायत बेमेतरा की सभापति श्रीमती बिंदिया मिरे, एसडीएम प्रकाश गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। गुरु असमदास गुरु गोसाई ने अपने संबोधन में बाबा गुरु घासीदास के सत्य और एकता के संदेशों को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “बाबा ने समाज को छुआछूत और बुराइयों से मुक्त कर एकता और सद्भाव का संदेश दिया। हमें उनके पदचिन्हों पर चलते हुए समाज को आगे बढ़ाना चाहिए।” महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने पंथी नृत्य और लोक कला प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाया।
दर्शकों ने उत्साह के साथ इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया। महोत्सव में बच्चों के लिए झूले, मनोरंजन स्टॉल, और खाने-पीने के विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे हर आयु वर्ग के लोगों के लिए आयोजन खास बना। गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव और पंथी नृत्य प्रतियोगिता 21 दिसंबर तक चलेगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।






