धान खरीदी : कलेक्टर ने सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
Paddy procurement: Collector gave instructions to ensure all necessary preparations
जिला स्तरीय जनजातीय गौरव स्मृति कार्यक्रम 15 नवंबर का होगा आयोजन
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर श्री छिकारा ने 14 नवंबर से जिले में शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। केंद्र में बारदाना, सभी आवश्यक सुविधाएं सहित किसानों के लिए छाया, पेयजल, शौचालय और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सुव्यवस्थित ढंग से धान खरीदी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 15 नवम्बर को आयोजित होने जिला स्तरीय जनजातीय गौरव स्मृति कार्यक्रम की तैयारी के संबंधित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगडे़ होंगी। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे एवं कार्यक्रम को गरिमामय आयोजन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि 12 नवंबर को बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करमंदा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारी एवं प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं् आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं की रिक्त पदों की जानकारी ली एवं जल्द से शीघ्र भर्ती की कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने स्कूलों में न्योता भोज का आयोजन कर ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में बनाये जा रहे निर्माणाधीन खेल मैदानों को समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश सभी जनपद सीईओ को दिये। उन्होंने गिरदावरी के कार्यों में लापरवाही पाए जाने वाले पटवारियों के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही करने के निर्देश दिये।






