दिल्ली में डेढ़ करोड़ मतदाता डालेंगे वोट, फाइनल वोटर लिस्ट जारी

One and a half crore voters will cast their votes in Delhi, final voter list released

दिल्ली में डेढ़ करोड़ मतदाता डालेंगे वोट, फाइनल वोटर लिस्ट जारी

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने सोमवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस बार एक करोड़ 55 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।

चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में कुल 1,55,24,858 मतदाता है। जिसमें 83 लाख पुरुष और 71 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। फाइनल वोटर सूची जारी होने के बाद अब जल्द ही चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है।

इस हफ्ते हो सकता है चुनाव की तारीख का एलान
चुनाव आयोग की ओर से कई बैठकों का दौर चल रहा है। बताया जा रहा है कि चुनाव की तारीख की घोषणा 6 से 10 जनवरी के बीच हो सकती है। हालांकि, अभी तारीखों पर दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

फरवरी में खत्म हो रहा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल
विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी, 2025 तक का है। इससे पहले दिल्ली विधानसभा का गठन करने के लिए चुनाव होने हैं। इसके लिए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि चुनाव के लिए दिसंबर की जगह जनवरी के पहले या फिर दूसरे सप्ताह के बीच तारीखों की घोषणा होगी। पिछले चुनाव की बात की जाए तो 6 जनवरी 2020 को तारीखों की घोषणा की गई थी। किसी भी राज्य के विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के लिए न्यूनतम 35 दिन चाहिए होते हैं। ऐसे में 6 से 10 जनवरी के बीच चुनाव की घोषणा के बाद न्यूनतम समय मिल जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त 18 फरवरी हो रहे सेवानिवृत्त
चुनाव आयोग के आयुक्त राजीव कुमार अगले साल 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में यह पूरी संभावना है कि विधानसभा चुनाव 18 फरवरी से पहले करा दिए जाएं। हालांकि, अभी तारीखों की घोषणा के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयुक्त राजनीतिक पार्टियों समेत सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। साथ ही, समीक्षा बैठक भी की गई है।