आपात स्थिति से निपटने के लिए राजभवन में मॉकड्रिल
Mock drill in Raj Bhavan to deal with emergency situation
रायपुर। राजभवन परिसर में गुरुवार को आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों के तहत मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास राज्यपाल रमेन डेका के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी इकाइयों ने भाग लिया।
सायरन, निकासी और आपदा प्रतिक्रिया का किया गया अभ्यास
मॉकड्रिल से पहले नगर सेनानी पुष्पराज सिंह ने राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपातकालीन प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि आपदा की सूचना के लिए 1 मिनट का सायरन बजेगा, स्थिति सामान्य होने पर 3 मिनट का सायरन बजेगा। हमले या आग लगने की स्थिति में 112 नंबर डायल कर फायर ब्रिगेड, मेडिकल और एसडीआरएफ को बुलाया जाएगा।
इस दौरान कर्मचारियों को आग लगने, भवन के ध्वस्त होने और हमले की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ टीम रही उपस्थित
मॉकड्रिल के दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, राजभवन के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, एवं एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही। सभी ने आपात परिस्थितियों में त्वरित और संयमित प्रतिक्रिया देना सुनिश्चित करने के लिए मॉक अभ्यास में सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह मॉकड्रिल राजभवन की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम रहा।






