मंत्री नेताम ने केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री से की मुलाकात
Minister Netam met the Union Tribal Affairs Minister
जनजातीय समुदाय के हित में किए जा रहे कार्यों के संबंध दी जानकारी
रायपुर। आदिम जाति विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जोएल ओरांव से उनके शासकीय निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस मौके पर मंत्री नेताम और केन्द्रीय मंत्री ओरांव के बीच छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित केन्द्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा हुई।
मंत्री नेताम ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, गरीबों और मजदूरों सहित सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय समुदायों के साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातीय समाज के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मंत्री नेताम ने बताया कि पीएम जनमन योजना, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, नियद नेल्लानार योजना के तहत आदिवासी परिवारों और उनकी बसाहटों को शत-प्रतिशत संतृप्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब छत्तीसगढ़ मे नक्सलवाद की कमर टूटने लगी है, हमारी सरकार ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आव्हान पर मार्च 2026 तक पूर्ण रूप से नक्सल समस्या को खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।






