खमतराई डेयरी मर्डर केस सुलझा, आरोपी तरुण मिश्रा गरियाबंद से गिरफ्तार

Khamtarai Dairy murder case solved, accused Tarun Mishra arrested from Gariaband

खमतराई डेयरी मर्डर केस सुलझा, आरोपी तरुण मिश्रा गरियाबंद से गिरफ्तार

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र स्थित गोवर्धन नगर की एक डेयरी में साथी कर्मचारी की हत्या कर फरार हुए आरोपी तरुण मिश्रा उर्फ पूनम को गरियाबंद जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने फावड़े से वार कर अपने साथी धनेश उर्फ धन्नू साहू की हत्या की थी। घटना 17 जुलाई को शाम 4:30 बजे सामने आई जब प्रार्थी कृष्णा वर्मा दूध लेने डेयरी पहुंचा और धन्नू साहू को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। सूचना पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 793/25 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। हत्या की वजह एक चोरी किया गया मोबाइल फोन बताया गया है, जिसे आरोपी ने शराब के नशे में कहीं गिरा दिया था।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और तरुण मिश्रा ने फावड़े से सिर पर वार कर धनेश की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बस से गरियाबंद भाग गया था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी तरुण मिश्रा (38 वर्ष) उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले का निवासी है और फिलहाल तिवारी डेयरी, खमतराई में काम कर रहा था। पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।