राजेश मूणत की कांवड़ यात्रा का जवाहर नगर मंडल ने किया भव्य स्वागत
Jawahar Nagar Mandal gave a grand welcome to Rajesh Moonat's Kanwar Yatra
रायपुर। सावन मास की पवित्रता और भक्ति से ओतप्रोत राजधानी में रविवार को भाजपा विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकाली गई विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सहभागिता की और हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति और आस्था का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है।
जवाहर नगर मंडल ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत
जवाहर नगर मंडल द्वारा मंगलम भवन अग्रसेन चौक के पास श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया गया। मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की एकता, भक्ति और समर्पण का प्रतीक बन चुका है।
कांवड़ यात्रा बनी भक्ति और संस्कृति का संगम
इस बार की कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। उज्जैन की तर्ज पर भस्म आरती, डमरू, ढोल-ताशा, झांकियां, अघोरी, बाहुबली हनुमान, माता महाकाली जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृतक दल, वाद्य यंत्रों से सुसज्जित कलाकार, घोड़े-बग्घी, और झांकियों ने यात्रा को भव्यता प्रदान की।
इस अवसर पर प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पार्षद अवतार सिंह बागल, पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, पूर्व पार्षद भारती बागल, भावेश पिथालिया, चंद्रेश शाह, महामंत्री रमेश शर्मा, गीता रेड्डी, ममता साहू, पूनम सोनी, साजन श्रीवास, संतोष निहाल, दिनेश शर्मा, सूरज शर्मा, कुशल गेंडेकर, गौरव शर्मा, प्रणीत जैन सहित कई कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस ऐतिहासिक यात्रा ने एक बार फिर यह साबित किया कि राजधानी रायपुर आस्था और संस्कृति की परंपरा को सहेजते हुए उसे नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।






