स्वास्थ्य मंत्री ने महासमुंद के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया
Health Minister inspected the health institutions of Mahasamund
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
महासमुंद। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर महासमुंद पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने नवापारा स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय आयुष पाली क्लीनिक और शासकीय जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र खैरा का निरीक्षण किया। उन्होंने इन संस्थानों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा,पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, येतराम साहू एवं स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया,आयुक्त शिखा राजपूत,कलेक्टर विनय लंगेह, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, मेडिकल अधीक्षक बसंत माहेश्वरी एवं सीएमएचओ पी. कुदेशिया मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्टाफ की उपस्थिति, औषधियों की उपलब्धता एवं वितरण प्रणाली, साफ-सफाई की स्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी जाना।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, और इसके तहत शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को और बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को “आदर्श स्वास्थ्य केंद्र“ के रूप में विकसित करने को कहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






