सुशासन तिहार: शिवरीनारायण एवं बंसुला में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन      

Good Governance Festival: Public problem resolution camps were organized in Shivrinarayan and Bansula.

सुशासन तिहार: शिवरीनारायण एवं बंसुला में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन      

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से किया गया लाभान्वित
हितग्राहियों को जाल, किसान किताब, आयुष्मान कार्ड, चेक एवं प्रधानमंत्री आवास की चाबियों का किया गया वितरण
सुशासन तिहार के अंतर्गत 20 मई को ग्राम पंचायत अमोरा में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर

जांजगीर-चांपा, 19 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पंचायत शिवरीनारायण के सतसंग भवन एवं जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला स्थित पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
      नगर पंचायत शिवरीनारायण में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 01 से 15 तक के नागरिक शामिल हुए। वहीं बंसुला क्लस्टर अंतर्गत सोनाईडीह, गोविंदा, करनौद, नक्टीडीह, चोरहादेवरी, तालदेवरी, बोरसी, गतवा, सिलादेही, देवरानी, बंसतपुर, देवरहा, बिर्रा, कपिस्दा, बंसुला, सेमरिया, बनडभरा एवं सोनादह सहित कुल 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में सहभागिता की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को जाल, जाति प्रमाण पत्र, किसान किताब, बी-1, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नक्शा-खसरा, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए।
      इस दौरान स्व-सहायता समूहों की दीदियों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला में आयोजित शिविर में कुल 1171 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमे 1108 मांग एवं 63 शिकायत से संबंधित है।
       जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण करना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
20 मई को ग्राम पंचायत अमोरा में आयोजित होगा शिविर
        सुशासन तिहार अंतर्गत 20 मई को जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अमोरा स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में अमोरा, सेंदरी, महंत, खैरा, दर्री, घुठिया, चौराभांठा, अवरीद, चोरभट्ठी, बुड़ेना, जगमहंत, सिंऊड़, दहिदा, बरबसपुर, सेमरा, तेन्दुआ, गिद्धा, पोंड़ी एवं कोटिया ग्राम पंचायत शामिल रहेंगे।