जगदलपुर के तीन ब्लॉक में चलाया जाएगा फाईलेरिया उन्मूलन अभियान

Filaria eradication campaign will be run in three blocks of Jagdalpur

जगदलपुर के तीन ब्लॉक में चलाया जाएगा फाईलेरिया उन्मूलन अभियान

10 से 14 फरवरी तक बूथों पर कराया जाएगा दवा सेवन

जगदलपुर। कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में जिले के तीन विकासखंड तोकापाल, बस्तर एवं बकावंड में फाईलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। उक्त अभियान के दौरान 10 से 14 फरवरी तक स्वास्थ्य दलों द्वारा बूथों पर यथा आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवनों में दवा का सेवन कराया जाएगा। तत्पश्चात 15 से 25 फरवरी तक घर-घर भ्रमण कर दवा सेवन करवाया जाएगा।

वहीं 26 से 28 फरवरी तक मापअप राउण्ड में छूटे हुए लाभार्थियों को दवा का सेवन कराया जाएगा। इस फाईलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान 10 से 28 फरवरी तक मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमडीए कार्नर यथा सामूहिक दवा सेवन केन्द्र भी संचालित रहेंगें। ज्ञातव्य है कि फाईलेरिया (हाथी पांव) जैसे गंभीर बीमारी से बचाव हेतु सरकार द्वारा सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसके अंतर्गत दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोग से ग्रसित व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी व्यक्तियों को फाईलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाती है। इस बार यह अभियान 10 से 28 फरवरी तक छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर जिले के तीन विकासखंड तोकापाल, बस्तर एवं बकावंड में चलाया जाएगा।