फाइटर प्लेन और कॉकपिट का लिया रोमांचक अनुभव, एयरक्राफ्ट की कार्यप्रणाली समझकर बढ़ाया ज्ञान
Experienced the thrill of flying a fighter plane and cockpit, gained knowledge by understanding the workings of the aircraft.
’सक्ति जिले के 24 होनहार विद्यार्थियों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण’
’सक्ती जिला प्रशासन की अनूठी पहल’
रायपुर, 19 मई 2026

सक्ति जिले के 24 होनहार विद्यार्थियों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण कराया गया, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं लाभकारी सिद्ध हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के मार्गदर्शन में जिले के होनहार स्कूली छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण का विशेष अवसर प्रदान किया गया। फाइटर प्लेन और कॉकपिट का रोमांचक अनुभव लिया और एयरक्राफ्ट की कार्यप्रणाली समझकर विद्यार्थियों ने अपना ज्ञान बढ़ाया।
कलेक्टर सक्ति श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के मार्गदर्शन में जिले के होनहार स्कूली छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण का विशेष अवसर प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के चयन हेतु 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य शिक्षा ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को 16 मई की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से बस के माध्यम से स्वामी विवेकानंद विमानतल माना रायपुर के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया।
एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी विद्यार्थियों के लिए प्रवेश पास बनवाकर उन्हें विमानतल परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान फ्लाइंग ऑफिसर विवेक कुमार साहू, तकनीशियन श्री नेगी एवं श्री अर्जुन ने बच्चों को फाइटर प्लेन एवं सिविलियन एयरक्राफ्ट के बेसिक सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने विमान के विभिन्न भागों, डिजाइन एवं उसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को एक-एक कर विमान के कॉकपिट में बैठने का अवसर भी मिला, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और रोमांच देखने को मिला। बच्चों ने रनवे पर विमानों को उड़ान भरते एवं उतरते हुए भी नजदीक से देखा।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सक्ती सीईओ श्री वासु जैन एवं श्री विवेक द्वारा एयरपोर्ट एवं विमानन से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन प्रणाली, उड्डयन क्षेत्र तथा हवाई जहाज संचालन की व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त हुई। यह भ्रमण कार्यक्रम में जिला पंचायत सक्ती एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन, जिला पंचायत सक्ती एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।






