प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस नेताओं में मारपीट, कार्यालय में तोड़फोड़

Congress leaders clash after press conference, office vandalised

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस नेताओं में मारपीट, कार्यालय में तोड़फोड़

महासमुंद। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंतर्कलह एक बार फिर खुलकर सामने आई है। ताजा मामला महासमुंद जिला कांग्रेस कार्यालय का है, जहां प्रेसवार्ता के बाद पार्टी पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और तोड़फोड़ तक की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, महंगाई के मुद्दे पर जिला अध्यक्ष द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति रही। इसी बात को लेकर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिला उपाध्यक्ष, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष और एक पार्षद के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि नेताओं के बीच हाथापाई शुरू हो गई। हंगामे के दौरान कांग्रेस कार्यालय के अंदर कुर्सियों और कांच के सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


इस पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस संगठन के भीतर गुटबाजी को उजागर कर दिया है, जिससे पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी और जांच के बाद संगठन स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी।