इंदौर में चलने लगीं सर्द हवाएं, चार डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया तापमान

Cold winds started blowing in Indore, temperature dropped by 4 degrees Celsius

इंदौर में चलने लगीं सर्द हवाएं, चार डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया तापमान

इंदौर। उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा से हवा चलने के कारण मौसम का मिजाज बदल गया। शनिवार सुबह हुई बरसात का असर अगले दिन भी देखने को मिला। रविवार सुबह से मौसम में ठंडक घुली रही। सर्द हवा के कारण दिन का तापमान चार डिग्री नीचे आया। दिनभर धुंध छाई रही।

पिछले दो दिनों से इंदौर और आसपास के इलाकों में मावठे की वर्षा हुई। इसका असर रविवार को दिनभर देखा गया। सुबह आठ बजे तक कोहरा छाया रहा और 700 मीटर तक दृश्यता पहुंच गई।

दोपहर तीन बजे तक यह 2500 मीटर पर थी। मगर शाम होते ही 1800 मीटर पर आ गई। अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जो शनिवार की तुलना में चार डिग्री नीचे आया। न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

नए साल का ठंड के साथ होगा स्वागत

शहरवासियों को अभी ठंड से राहत मिल रही है। बादलों के कारण रात में जहां तापमान बढ़ा हुआ है, वहीं दिन में निकल रही धूप भी सर्दी के असर को कम कर रही हैं। अगले सप्ताह में शहरवासियों को हल्की ठंड का अहसासा होगा। वर्ष 2024 की विदाई के साथ नए साल का स्वागत ठंडक के साथ होगा।

अगले सप्ताह रात के तापमान में जहां तीन से चार डिग्री गिरावट दिखेगी, वहीं दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर व उससे लगे उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी

वहीं राजस्थान व उससे लगे हरियाणा पर चक्रवात का घेरा 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई बना हुआ है। इस वजह से अभी इंदौर में वर्षा की गतिविधियां दिखाई दी। इसका असर अगले दो दिन में खत्म हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इसके बाद एक ओर पश्चिम विक्षोभ चार जनवरी के आसपास सक्रिय होगा।