ठंड ने दी इंदौर में दस्तक… उत्तरी हवाओं ने पारा गिराया, 15.6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

Cold has knocked in Indore… Northern winds have brought down the mercury, minimum temperature has reached 15.6 degrees

ठंड ने दी इंदौर में दस्तक… उत्तरी हवाओं ने पारा गिराया, 15.6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

इंदौर। उत्तरी हवाओं के असर से इंदौर के तापमान में अब गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले एक माह से ज्यादा समय से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था। शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार शहर का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री पर पहुंचा।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शनिवार को भी न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट हो सकती है। इंदौर में अगले दो से तीन दिन तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और उसके बाद फिर से तापमान सामान्य से अधिक देखने को मिलेंगे।

इंदौर में क्यों बदल रहा मौसम

वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान से भारत की ओर बढ़ रहा है। वहीं जेट स्ट्रीम हवाएं उत्तर भारत की ओर से प्रदेश की तरफ आ रही है। इसके असर से धीरे-धीरे तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

अभी दिन में जहां हवाओं का रुख उत्तर व उत्तरी पूर्वी बना हुआ है, वहीं कुछ समय हवाएं शांत भी रह रही है। यही वजह है कि अभी हवाओं के असर से दिन व रात के तापमान में कमी दिखाई दे रही है।

रात के समय व अल सुबह शहरवासियों को सर्दी का अहसास हो रहा है। वहीं दिन में धूप निकलने के कारण दोपहर में ठंड से राहत है। कभी-कभी तीखी धूप चुभन का अहसास भी करवा रही है।

महू में भी ठंड का अहसास बढ़ा

इसी तरह महू शहर व आसपास के क्षेत्र में ठंड का असर दिखने लगा है। सुबह 11 बजे तक हल्की धूप के साथ ठंडी हवा महसूस हो रही है। वहीं दिन में धूप तेज होने से अब भी गर्मी का अहसास बना हुआ है।

ठंड के आने से अब शाम को अंधेरा भी जल्दी होने लगा है। साथ ही शाम को ठंडक भी बढ़ गई है। लोग ऊनी कपड़ों में नजर आ रहे हैं। आंकड़ों को देखें तो शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.8 और रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देवास: रातें ठंडी, दिन में कम हुई धूप की चुभन

इसी तरह देवास शहर सहित अंचलभर में ठंड ने दस्तक दे दी है। धीरे-धीरे रातें ठंडी होने लगी हैं और दिन में धूप की चुभन भी कम हो रही है। रात और दिन के तापमान में भी काफी अंतर आने लगा है। हालांकि दोपहर में अभी भी गर्मी का अहसास हो रहा है, परन्तु हवा ठंडक भरी है।