जबलपुर में मौत बनकर दौड़ी कार... 6 लोगों को मारी टक्कर, 2 की चली गई जान
Car ran like death in Jabalpur... hit 6 people, 2 died
जबलपुर। जबलपुर के विजयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात को एक डॉक्टर की कार ने एसबीआई चौक पर कोहराम मचा दिया। तेज गति से आई कार ने सामने चल रही एक कार को तेज टक्कर मारा। उसके बाद लहराते हुए सड़क पर कई मीटर दूर तक गई।
कार ने छह राहगीरों को टक्कर मारा। इस घटनाक्रम से सड़क पर भगदड़ मच गई। दुर्घटना में घायल दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में माढ़ोताल बर्फानी नगर निवासी मुन्नी बाई और रवि शंकर शामिल हैं। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। आरोपित कार ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।
दूसरी कार को टक्कर मार दी
शुक्रवार को होम्योपैथी डॉक्टर संजय पटेल कार से कहीं जा रहे थे। उनकी कार की गति अधिक थी। वे एसबीआई चौक के पास पहुंचे ही थे कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई। सड़क पर उनकी कार ने आगे चल रही एक अन्य कार को तेज टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से लोग कई फीट दूर गिरे
कार की गति अधिक होने के कारण कार टकराती हुए आगे बढ़ती चली गई। मौके से गुजर रहे रविशंकर दुबे, आनंद सिंह, दीपा शुक्ला, मुन्नी बाई, वैशाली नामदेव और मोहित शर्मा कार की चपेट में आकर घायल हो गए। तेज टक्कर लगाने से कई-कई फीट दूर जाकर गिरे। गंभीर रूप से घायल मुन्नी बाई और रवि शंकर की अस्पताल में मौत हो गई।
भागने के प्रयास में और लोगों को चपेट में लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार को टक्कर मारने के बाद ड्राइवन ने वाहन को तेजी से चलाकर भागने का प्रयास किया। कार से नियंत्रण खो दिया और कई राहगीरों को चपेट में ले लिया। घटना के बाद एसबीआई चौक के पास विजय नगर मार्ग में जाम लग गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार ड्राइवर संजय पटेल को गिरफ्तार किया। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस उसे जब्त करके थाने ले गई है। उसके बाद यातायात सुचारु हो सका। पुलिस कार ड्राइवर के लाइसेंस और वाहन के डाक्यूमेंट की जांच कर रही है।






