दिल्ली के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अभिभावकों में हड़कंप
Bomb threat to 40 schools in Delhi, parents in panic
नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को करीब 40 स्कूलों को बम की धमकी वाला मेल मिला और मेल में 30,000 अमेरिकी डॉलर की मांग की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। धमकी एक ही ई-मेल के जरिए दिल्ली के प्रमुख स्कूलों को भेजी गई थी, जिनमें आरके पुरम का दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), पश्चिम विहार का जीडी गोयनका, चाणक्यपुरी में द ब्रिटिश स्कूल, अरबिंदो मार्ग स्थित द मदर्स इंटरनेशनल, मंडी हाउस का मॉडर्न स्कूल, डीपीएस वसंत कुंज, सफदरजंग का दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल, डीपीएस ईस्ट ऑफ कैलाश और सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी मिली थी, उनमें से अधिकतर ने अपनी कक्षाएं स्थगित कर दीं तथा छात्रों को घर वापस भेज दिया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह सात बजकर छह मिनट पर डीपीएस आरके पुरम से और सुबह छह बजकर 15 मिनट पर जीडी गोयनका, पश्चिम विहार से बम की धमकी वाली सूचना मिली।
मौके पर पहुंचा दमकल विभाग और पुलिस
उन्होंने बताया कि श्वान दस्ता, बम निरोधक दल और स्थानीय पुलिस सहित दमकल विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा स्कूलों में तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस के एक अधिकारी ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे बताया कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है। सूत्रों ने बताया कि यह ईमेल स्कूल की आईडी पर रविवार रात 11 बजकर 38 मिनट पर आया, जब स्कूल बंद थे।
ईमेल में लिखा था, ‘‘मैंने इमारत के अंदर कई बम लगाए हैं। बम छोटे हैं और बहुत अच्छी तरह से छिपाए गए हैं। इससे इमारत को बहुत अधिक नुकसान नहीं होगा, लेकिन बमों के फटने से कई लोग घायल हो जाएंगे।’’ मेल में यह भी लिखा है, ‘‘अगर मुझे 30,000 डॉलर नहीं मिले तो आप सभी को नुकसान उठाना होगा और इसकी कीमत चुकानी होगी। इस हमले के पीछे =ई2=80=9सीकेएनआर=ई2=80=9डी समूह का हाथ है।’’
अभिभावकों को भेजे गए संदेश में मयूर विहार स्थित मदर मेरी स्कूल ने कहा, ‘‘आज सुबह स्कूल में बम की धमकी को लेकर एक ईमेल प्राप्त हुआ। इसलिए, एहतियात के तौर पर छात्रों को तुरंत वापस भेजा जा रहा है। आपसे अनुरोध है कि कृपया अपने बच्चों को अपने-अपने बस स्टॉप से ले जाएं।’’ अपनी बेटी को स्कूल से वापस लाते समय अभिभावकों में से एक हरीश ने कहा, ‘‘मुझे स्कूल से आपात संदेश मिला। यह सरकार की विफलता है क्योंकि स्कूलों को नियमित रूप से ऐसी धमकियाँ मिल रही हैं।’’ मई में दिल्ली के 200 से अधिक स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को इसी तरह की बम की धमकी मिली थी, लेकिन मामला अब तक सुलझा नहीं है क्योंकि मेल वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग करके भेजा गया था।
स्कूल धमकी मामले पर दिल्ली पुलिस के पीआरओ संजय त्यागी ने कहा कि पुलिस जल्द ही ईमेल के स्रोत तक पहुंचेगी और कार्रवाई करेगी। ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की टीमें सभी जगहों पर पहुंच गई हैं। हम सभी स्कूलों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं और मैं सभी अभिभावकों और दिल्ली के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पुलिस बच्चों और स्कूल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और इसे सुनिश्चित करेगी।
पहले भी मिल चुकी है स्कूलों को धमकियां
बीती 29 नवंबर को रोहिणी में वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल को एक ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। इससे एक दिन पहले ही प्रशांत विहार इलाके में हुए कम तीव्रता वाले विस्फोट हुआ था। जिसमें एक शख्स घायल हो गया। राजधानी में लगातार इसी तरह की धमकियां मिल रही है।






