अग्निवीर भर्ती 2026: युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
Agniveer Recruitment 2026: Golden Opportunity for Youth
निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध
ऑनलाइन आवेदन 1 अप्रैल तक
जशपुरनगर 31 मार्च 2026 भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2026 अंतर्गत युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा अग्निवीर भर्ती हेतु 13 फरवरी 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के अनुसार पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन संभावित रूप से 01 जून 2026 से 15 जून 2026 के बीच किया जाएगा। अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा विशेष पहल की गई है। अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा हेतु निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाएगी, जिससे वे बेहतर तैयारी कर सकें।
ऐसे करें कोचिंग के लिए आवेदन -
जो अभ्यर्थी इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीयन करने के बाद छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट पर जाकर अग्निवीर भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण के लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आवेदकों का पहले से रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इसके पश्चात ही वे प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील -
जिला रोजगार अधिकारी जशपुर ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अग्निवीर भर्ती में भाग लें और निःशुल्क कोचिंग सुविधा का उपयोग कर अपने भविष्य को संवारें। यह पहल न केवल युवाओं को सेना में सेवा का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें अनुशासन, कौशल और सम्मानजनक करियर की दिशा में भी अग्रसर करेगी।






