ग्वालियर में 14 साल की छात्रा से दुष्कर्म, रातभर पेड़ के नीचे बैठी रही... सुबह रोते हुए घर पहुंची
A 14-year-old girl was raped in Gwalior, she sat under a tree all night... she returned home crying in the morning
ग्वालियर। पुरानी छावनी स्थित हीरा नगर में रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ सोहेब उर्फ तस्लीम खान ने दुष्कर्म किया। छात्रा को बात करने के बहाने बाइक पर बैठाकर घर से करीब दो किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में ले गया।
यहां छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद छात्रा को छोड़कर भाग गया। अंधेरा हो चुका था, छात्रा डरी-सहमी एक पेड़ के नीचे रातभर बैठी रही। उसके स्वजन ढूंढते रहे। सुबह छात्रा बदहवास हालत में अपने घर पहुंची और बिलखते हुए पूरी आपबीती स्वजन को बताई।
सातवीं क्लास में पढ़ती है छात्रा
स्वजन उसे लेकर पुरानी छावनी थाने पहुंचे। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। छात्रा कक्षा-सात में पढ़ती है। उसने पुलिस को बताया कि मोहल्ले में ही रहने वाला सोहेब उर्फ तस्लीम खान उसका कई दिनों से स्कूल से घर आते-जाते समय पीछा करता था।
सब्जी की दुकान पर गई थी
वह शाम को अपने घर के पास सब्जी की दुकान पर गई थी। यहां वह भी आ गया। उससे कहा कि वह उससे कुछ बात करना चाहता है। इसलिए उसने बाइक पर बैठकर कुछ दूर साथ चलने के लिए कहा। छात्रा ने इनकार किया तो जबरन बैठाया और अपने साथ ले गया।
जमीन पर पटका
घर से दो किलोमीटर दूर ले जाकर उसे जमीन पर पटका। फिर दुष्कर्म किया। छात्रा के विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह उसे वहीं छोड़कर भाग गया।






