बस्तर संभाग के शिक्षकों की पदोन्नति का इंतजार खत्म, प्रधान पाठक बनने की समय-सारिणी जारी

The wait for promotion of teachers of Bastar division is over, the timetable for becoming head teacher has been released.

बस्तर संभाग के शिक्षकों की पदोन्नति का इंतजार खत्म, प्रधान पाठक बनने की समय-सारिणी जारी

6 मार्च तक पूरी होगी प्रक्रिया

जगदलपुर, 20 जनवरी 2026

बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से पदोन्नति की राह देख रहे टी (ट्राइबल) एवं ई (एजुकेशन) संवर्ग के शिक्षकों और प्राथमिक शाला के प्रधान पाठकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बस्तर संभाग के अंतर्गत कार्यरत स्नातक व प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के पद पर पदोन्नत करने की आधिकारिक परिपत्र में इस हेतु विस्तृत समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।
     संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग श्री एचआर सोम ने इस संबंध में बताया कि पदोन्नति की यह पूरी प्रक्रिया जनवरी के अंत से शुरू होकर मार्च के पहले सप्ताह तक चलेगी। जिसके तहत 31 जनवरी 2026 को 1 अप्रैल 2024 की स्थिति के आधार पर शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके ठीक चार दिन बाद यानी 4 फरवरी 2026 को पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाते हुए विभाग ने 13 फरवरी तक गोपनीय चरित्रावली और चल-अचल संपत्ति का विवरण व मतांकन पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 16 फरवरी को बैठक की सूचना देने के बाद, 20 फरवरी को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। समिति की मंजूरी मिलते ही 23 फरवरी को पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। शिक्षकों की पदस्थापना में पारदर्शिता हेतु काउंसलिंग भी की जाएगी। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद 2 मार्च से 5 मार्च 2026 के बीच काउंसलिंग की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।