फ्लोरोसिस प्रभावित ग्राम घोड़ागांव में स्क्रीनिंग व हेल्थ कैंप का आयोजन

Screening and health camp organized in fluorosis affected village Ghodgaon

फ्लोरोसिस प्रभावित ग्राम घोड़ागांव में स्क्रीनिंग व हेल्थ कैंप का आयोजन

कोंडागांव, 17 मार्च 2026 राष्ट्रीय फ्लोरोसिस रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के फ्लोरोसिस प्रभावित ग्राम घोड़ागांव में एक दिवसीय हेल्थ चेकअप एवं फ्लोरोसिस स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के निर्देशन तथा जिला नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम) डॉ. आर. सोनल ध्रुव एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महलवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग तथा मितानिन कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार जोनाथन विनय द्वारा स्कूली बच्चों को फ्लोरोसिस से संबंधित जानकारी एवं बचाव के उपाय बताए गए।
इस अवसर पर चिरायु दल द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें फ्लोरोसिस प्रभावित बच्चों की स्क्रीनिंग के साथ अन्य बीमारियों से ग्रसित बच्चों को आवश्यक दवाइयों एवं नॉन-फ्लोराइड टूथपेस्ट का वितरण किया गया।
मितानिन कार्यकर्ताओं द्वारा जमीनी स्तर पर प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उपचार हेतु अस्पताल लाने के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। साथ ही शिक्षकों को बच्चों के लिए पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत PHE विभाग द्वारा प्रभावित जल स्रोतों के नमूने भी एकत्रित किए गए, ताकि समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जा सकें। यह शिविर ग्रामीणों में फ्लोरोसिस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।