दमोह जिले में गाय को बचाने में पलटा एथेनॉल से भरा कंटेनर, एरिया किया गया सील
A container full of ethanol overturned while trying to save a cow in Damoh district, the area was sealed
दमोह। दमोह जिले बटियागढ़ ब्लॉक में आने वाले नीमन तिराहे पर शुक्रवार सुबह करीब एथेनॉल से भरा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई और पुलिस को सूचित किया गया।
कानपुर डिस्टिलरी से जबलपुर जा रहा कंटेनर सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे ने ड्राइवर को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन यह लिक्विड जरूर जमीन में बह रहा है।
एथेनॉल काफी अधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को तत्काल सील कर दिया गया। स्थानीय लोगों को क्षेत्र से दूर रहने और जमीन पर बह रहे एथेनॉल को न छूने की चेतावनी दी गई है। ताकि किसी प्रकार की कोई घटना घटित न हो सके।
कानपुर से दूसरा कंटेनर बुलाया
कलेक्टर कोचर ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम को भी मौके तैनात किया गया है। लोगों को यहां से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। कानपुर डिस्टिलरी से एक अन्य कंटेनर मंगवाया गया है, जिसमें पलटे हुए कंटेनर से एथेनॉल को स्थानांतरित किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग से जाने की व्यवस्था की गई
दुर्घटनास्थल पर कंटेनर सड़क के आधे हिस्से को घेरे हुए है, जिसके कारण केवल आपातकालीन वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी जा रही है। अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग से जाने की व्यवस्था की गई है।
लोगों को जैसे ही एक ज्वलनशील पदार्थ के कंटेनर पलटने की सूचना लगी है तो वह भी वहां पहुंच गए हैं, लेकिन पुलिस के द्वारा किसी को भी नजदीक नहीं जाने दिया जा रहा है।
सभी विभागों की टीमें डटी रहेंगी
उल्लेखनीय है कि बटियागढ़ ब्लॉक का नीमन तिराहा हादसों के लिए जाना जाता है, जहां आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी विभागों की टीमें मौके पर डटी रहेंगी और दूसरे कंटेनर के पहुंचने के बाद ही लोगों की आवाजाही शुरू होगी।






