मतदाता सूची में 18-19 वर्ष के छात्रों के नाम जोड़ने विशेष शिविर 14 व 16 को
Special camps for adding names of 18-19 year old students to voter list on 14th and 16th
बेमेतरा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार शासकीय पं. जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा में 14 जुलाई को तथा शासकीय लक्ष्मण प्रसाद वैद्य कन्या महाविद्यालय बेमेतरा में 16 जुलाई को पूर्वान्ह 11.00 बजे से शिविर आयोजित किया जाएगा। इस विशेष शिविर का उद्देश्य उन नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जो 18 से 19 वर्ष की आयु सीमा में हैं। शिविर में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन फॉर्म-6 भरना होगा। इसके लिए उन्हें आधार कार्ड, 10वीं की अंकसूची, पासपोर्ट साइज फोटो, तथा परिवार के किसी एक सदस्य का फोटो परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को शिविर की जानकारी दें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। शिविर में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं दस्तावेजों की पूर्ति के आधार पर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। निर्वाचन कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ’’कोई मतदाता न छूटे’’ इस संकल्प को लेकर यह शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि युवा मतदाता लोकतांत्रिक प्रणाली में भागीदारी कर सकें। जिला प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि को शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर मतदाता सूची में अपना नाम जोड़वाएं।






