राजस्व मंत्री ने मसानडबरा में पीएम आवासों का किया उद्घाटन

Revenue Minister inaugurated PM houses in Masandabra

राजस्व मंत्री ने मसानडबरा में पीएम आवासों का किया उद्घाटन

धमतरी। खेलकूद एवं युवा कल्याण, राजस्व तथां आपदा प्रबंधन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा शुक्रवार को नगरी विकासखण्ड के ग्राम सांकरा में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत किए। इस दौरान उन्होंने कमार बसाहट मसानडबरा पहुंचकर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बने आवासों का पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया। साथ ही अपने पक्के मकान में प्रवेश कर रहे हितग्राहियों को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

गांव पहुंचने पर विशेष पिछड़ी जनजाति कमार लोगों ने प्रभारी मंत्री वर्मा का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों से तीन-धनुष के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने इस मौके पर कहा कि शासन विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा-सीधा लाभ इन वर्गों को मिले, इसके लिए शिविर इत्यादि आयोजित कर फायदा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पक्का मकान बनने से इनके जीवन स्तर में काफी सुधार होगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक सिहावा श्रीमती पिंकी शिवराज शाह, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर नम्रता गांधी, सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।