आकांक्षी विकासखंड पिथौरा में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर जारी

Public problem resolution camp continues under Sampoornata Abhiyan 2.0 in Aspirational Development Block Pithora

आकांक्षी विकासखंड पिथौरा में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर जारी

प्रथम चरण में सोमवार को ग्राम पंचायत सांकरा में शिविर का किया गया आयोजन

महासमुंद  मार्च 2026

केन्द्र सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विकासखंड पिथौरा में संपूर्णता अभियान 2.0 संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 14 अप्रैल तक आयोजित किया जाएंगे।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से किया जा रहा हैं। अभियान के तहत आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल 5 संकेतकों में से 4 संकेतक तथा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के 6 संकेतकों में से 5 संकेतकों को अब तक 100 प्रतिशत संतृप्त किया जा चुका है। शेष संकेतकों को भी पूर्ण रूप से संतृप्त करने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा श्रीमती योगेश्वरी बर्मन के नेतृत्व में संपूर्णता अभियान 2.0, जनसमस्या निवारण शिविर तथा आईईसी जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण में 09 मार्च को ग्राम पंचायत सांकरा में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष श्रीमती ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने की। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्री ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री राम दुलारी सिंहा, जनपद सभापति श्री कंवलजीत छाबड़ा, जनपद सदस्य श्री पुरुषोत्तम लहरें तथा सरपंच श्री सतपाल सिंह छाबड़ा उपस्थित रहे। इस शिविर में अतिथियों द्वारा 2 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 3 शिशुओं के अन्नप्राशन की रस्म संपन्न कराई गई। साथ ही अतिथियों द्वारा विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया गया।
शिविर में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों द्वारा उनका निराकरण किया गया। कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ नीति आयोग के एबीएफ श्री विकास दीप टंडन भी उपस्थित रहे। अभियान के तहत आगामी शिविर 11 मार्च को ग्राम पंचायत भुरकोनी, 13 मार्च को लाखागढ़ तथा 16 मार्च को सल्डीह में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जिला स्तरीय शिविर का आयोजन 18 मार्च को जिला मुख्यालय महासमुंद में किया जाएगा।