DPI ने दिए शिक्षकों के सेवा अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश
DPI issued instructions to correct the service records of teachers.
1 से 15 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान
रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों की जांच और सुधार के लिए निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त संचालक द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक सेवा अभिलेखों को पूर्ण और अपडेट करना सुनिश्चित किया जाए।
निर्देशानुसार, प्रत्येक विकासखंड में दो प्राचार्यों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो 16 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड का परीक्षण करेंगे। इस कार्य के पूर्ण होने के बाद मई 2026 में संचालनालय को प्रमाण पत्र भेजना अनिवार्य होगा।
सेवा अभिलेख क्यों है महत्वपूर्ण
सेवा पुस्तिका या सर्विस रिकॉर्ड किसी भी शिक्षक और कर्मचारी के लिए एक अहम आधिकारिक दस्तावेज होता है। इसमें नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक की पूरी जानकारी दर्ज रहती है, जैसे ज्वाइनिंग तिथि, पदोन्नति, तबादले और अनुशासनात्मक कार्रवाई आदि।
विशेष रूप से सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन निर्धारण और अन्य देयकों के भुगतान में यह दस्तावेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए संचालनालय ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में यह कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।






