पार्षद पद के लिए 56 और अध्यक्ष के लिए 4 का नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाए गए
56 nomination papers for the post of councillor and 4 for the post of president were found valid
नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025
उत्तर बस्तर कांकेर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के तहत आज जिले के नगरीय निकायों में प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की गई। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद कांकेर के लिए प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की आज संवीक्षा हुई, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सभी 04 प्रपत्र विधिमान्य पाए गए, जबकि पार्षद पद हेतु प्राप्त 57 प्रपत्रों में से 56 विधिमान्य की श्रेणी में पाए गए और एक आवेदन निरस्त किया गया।
रिटर्निंग आफिसर कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 हेतु नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी पश्चात कांकेर नगर पालिका अंतर्गत 56 पार्षद और अध्यक्ष के लिए 04 नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाए गए। इसी तरह जिले की नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर, पखांजूर और अंतागढ़ में प्राप्त सभी नाम निर्देशन पत्र विधि मान्य पाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत चारामा में अध्यक्ष पद हेतु 02 और पार्षद हेतु 39, भानुप्रतापपुर में अध्यक्ष पद हेतु 02, पार्षद के लिए 34, अंतागढ़ में अध्यक्ष के लिए 06 और पार्षद के लिए 42 तथा नगर पंचायत पखांजूर में अध्यक्ष हेतु 06 और पार्षद के लिए 47 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सभी स्क्रूटनी उपरांत सही पाए गए।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा आज 29 जनवरी को की गई। नाम वापसी की तिथि 31 जनवरी दोपहर 03 बजे तक, मतदान तिथि 11 फरवरी और प्राप्त मतों की गणना 15 फरवरी को होगी।






