संभाग स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक के लिए 311 खिलाड़ी होंगे रवाना
311 players will leave for the division level Surguja Olympics.
जिले में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
एमसीबी/17 मार्च 2026 जिले के खिलाड़ियों के लिए गौरव का अवसर सामने आया है। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक 2025-26 का आयोजन 21 मार्च से 23 मार्च 2026 तक अम्बिकापुर में किया जाएगा, जिसमें जिले के खिलाड़ी उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से कुल 311 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें विकासखंड मनेन्द्रगढ़ से 152, खड़गवां से 125 एवं भरतपुर से 34 प्रतिभागी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ 41 कोच, मैनेजर एवं स्टाफ भी दल में शामिल रहेंगे, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और सहयोग करेंगे। सभी खिलाड़ी 20 मार्च 2026 को स्वामी आत्मानंद विद्यालय मनेन्द्रगढ़ से दोपहर 12ः00 बजे बस के माध्यम से अम्बिकापुर के लिए रवाना होंगे। जिले के प्रतिभागियों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करेगा, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






