धान उपार्जन केन्द्र केना में भौतिक सत्यापन से अधिक मात्रा में धान एवं बारदाना की कमी पाई गई

Physical verification revealed shortage of paddy and gunny bags in the paddy procurement centre Kena.

धान उपार्जन केन्द्र केना में भौतिक सत्यापन से अधिक मात्रा में धान एवं बारदाना की कमी पाई गई

 शासन को 50 लाख 41 हजार 924 रुपये की क्षति

धान उपार्जन केन्द्र के प्रभारी पर एफआईआर दर्ज

महासमुंद 20 जनवरी 2026

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र केना में अनियमितता के मामले पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली के आदेशानुसार गठित संयुक्त जांच टीम द्वारा 18 जनवरी 2026 को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया। जिसमें भारी मात्रा में धान एवं बारदाना की कमी पाई गई। जांच प्रतिवेदन के अनुसार ऑनलाइन रिपोर्ट में जहां 29,628 नग बारदाना (11,851.20 क्विंटल धान) दर्ज था, वहीं भौतिक सत्यापन में मात्र 25,615 नग बारदाना (10,246 क्विंटल) धान पाया गया। इस प्रकार 4,013 नग बारदाना (1,605.20 क्विंटल) धान की कमी सामने आई। कमी की अनुमानित राशि 49,76,120 रुपये है। उक्त कृत्य को देखते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार धान उपार्जन केन्द्र केना के प्रभारी अधिकारी श्री गोपाल नायक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है।
 जांच प्रतिवेदन में बताया गया है कि, धान उपार्जन में प्रयुक्त नए एवं पुराने बारदाने में भी अनियमितता पाई गई। जांच में 2007 नग नया बारदाना (कीमत 15,654.60 रुपये) एवं 2006 नग पुराना बारदाना (कीमत 50,150 रुपये) का उपयोग अनियमित रूप से पाया गया। इस प्रकार कुल मिलाकर शासन को 50,41,924.60 रुपये की क्षति होना जांच में सामने आया है। संयुक्त जांच टीम द्वारा मौके पर रखे धान के स्टेकों का रेंडम तौल भी किया गया, जिसमें बोरी का वजन मानक से कम पाया गया। जांच प्रतिवेदन से सहमत होते हुए कलेक्टर को अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा भेजी गई।
तत्पश्चात कार्यालय उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला महासमुंद के आदेश के आधार पर शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, शाखा तोरेसिंहा द्वारा थाना प्रभारी, थाना सरायपाली को लिखित आवेदन प्रस्तुत कर धान उपार्जन केन्द्र केना के प्रभारी श्री गोपाल नायक निवासी ग्राम इच्छापुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है।