छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षीया उपलब्धियों पर हुई चर्चा, कृषि व समवर्गीय विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

Discussion was held on the achievements of Chhattisgarh state in the last 25 years, agriculture and allied departments gave information about the schemes.

छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षीया उपलब्धियों पर हुई चर्चा, कृषि व समवर्गीय विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

एमसीबी। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजत जयंती महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 अक्टूबर को विकासखण्ड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम बुंदेली में विकासखण्ड स्तरीय रजत जयंती महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में हुई उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना और भविष्य के छत्तीसगढ़ निर्माण में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। आयोजन में ग्रामीणजन, किसान, महिलाएँ एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग द्वारा उप संचालक कृषि, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के मार्गदर्शन में किया गया। विभागीय अधिकारियों ने कृषकों को राज्य एवं केन्द्र पोषित कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी तथा कृषि से संबंधित समसामयिक विषयों पर चर्चा की। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी भी साझा की गई।

महोत्सव में समवर्गीय विभागों - जनपद पंचायत, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ के जनपद सदस्य श्री सुरेंद्र सिंह, श्रीमती सीता देवी आयाम, ग्राम पंचायत बुंदेली की सरपंच श्रीमती हेमा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

रजत जयंती महोत्सव के माध्यम से ग्रामीणों में उत्साह का संचार हुआ और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।